शिव शंकर सिंह पारिजात, पूर्व जनसंपर्क उपनिदेशक एवं इतिहासकार
मैं भागलपुर हूं। इतिहास मुझे अंग भूमि के नाम से जानता है - गंगा के किनारे बसा पुरातन सोलह जनपदों में एक - अंग जनपद। निर्मल गंगा का जल और यहां की उर्वरा भूमि ने मेरे आंचल को सुख-सम्पदा की सौगात ही नहीं दी, वरन् मेरी गोद में शौर्य, पराक्रम और संस्कृति पल्लवित-पुष्पित हुई।
पर मेरी यह विडंबना रही कि इतिहास ने मुझे हमेशा छलने और अभिवंचित करने का प्रयास किया है। पर यह मेरी जिजीविषा और संघर्ष की क्षमता रही कि हमने हमेशा चुनौतियों को अवसर में बदलकर अपने भाग्य और भविष्य को खुद लिखा है।
महर्षि बाल्मीकि कृत रामायण में वर्णित है कि कामदेव द्वारा भगवान शिव की तपस्या भंग करने के कारण क्रोधित शिव के त्रिनेत्र की ज्वाला से जिस स्थान पर भस्मीभूत होकर कामदेव ने अपना शरीर अर्थात अंग को त्यागा, वो स्थान अंग कहलाया। एक तरफ मैं भगवान शिव का कोप भाजन बना, तो दूसरी ओर उनसे वरदान भी प्राप्त कर लिया कि मेरे निवासियों के शरीर सुंदर और सुकोमल होंगे।
महर्षि बाल्मीकि कृत रामायण में यह भी वर्णित है कि मेरी ही गोद में भगवान श्रीराम की बड़ी बहन और अयोध्या नरेश दशरथ की पुत्री शांता का पालन-पोषण हुआ है। राज ज्योतिषियों द्वारा शांता के अयोध्या के लिये अशुभ घोषित किये जाने के कारण राजा दशरथ ने शांता को अपने निकटतम संबंधी अंग के राजा रोमपाद को गोद दे दिया था। किंतु जिस शांता को अयोध्या के लिये अशुभ समझा गया, उसने ही अयोध्या की झोली सबसे बड़ी खुशी से भर दी थी। उसी शांता के पति ऋषि श्रृंगी द्वारा सम्पन्न पुत्र कामेष्टि यज्ञ के फलस्वरूप राजा दशरथ को भगवान श्रीराम के साथ भरत, शत्रुघ्न और लक्ष्मण सरीखे पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी।
महाभारत काल में कुंवारी कुंती ने लोक-लाज के डर से अपने पुत्र कर्ण को गंगा में प्रवाहित कर दिया था। विडंबना ऐसी कि भगवान श्रीराम की बड़ी बहन शांता की तरह पाण्डवों के बड़े भाई कर्ण का लालन-पालन भी अंग की भूमि पर ही हुआ जो अपने पराक्रम से न सिर्फ अंगराज बना, वीरता और दानशीलता के मानदंड स्थापित किये।
मैं भागलपुर हूं। अंग है मेरा पुरातन नाम। गंगा-तट पर बसी मेरी राजधानी चम्पा की गिनती प्राचीन भारत के प्रमुख बंदरगाहों में होती थी। मेरे उद्यमियों व व्यापारियों ने देश-विदेश तक फैलकर मुझे एक उन्नत व्यापारिक प्रतिष्ठान बनने का गौरव प्रदान किया। मेरे हुनरमंद कामगारों ने रेशमी धागों के ताने-बाने में ऐसे इंद्रधनुषी रंग पिरोये कि मेरा एक नाम ही 'सिल्क सिटी' पड़ गया है।
मेरी मिट्टी में पैदा लेने वाले कतरनी चावल की खुशबू के चहेते आज भी कई हैं ही, पर कभी यह मगध के सम्राट बिम्बिसार के खाने की मेज शोभा बनी थी तो कभी यह भगवान बुद्ध के जीवन के अंतिम काल में उनका पथ्य बना।
मैं भागलपुर हूं। धर्म, ज्ञान और संस्कृति का केंद्र रहे विक्रमशिला बौद्ध महाविहार की स्थापना मेरी ही भूमि पर हुई जिससे जुड़े आचार्यों, सिद्धाचार्यों और सहजयानियों द्वारा अपभ्रंश भाषा में रचित दोहे और चर्यागीत हिन्दी , भोजपुरी, मैथिली, मागधी व अंगिका सरीखी भविष्य की क्षेत्रीय भाषाओं के जनक बने।
मेरी ही भूमि पर 'हिमालय' सरीखी कालजयी कविता लिखकर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने शोहरत की सीढ़ियां चढ़ीं तो अमर कथाशिल्पी शरतचंद्र का प्रारंभिक जीवन भी यहीं बीता, यहीं से उन्होंने लेखन कार्य की शुरुआत की। यहीं उन्होंने 'देवदास' व 'श्रीकांत' सरीखीं कृतियां रची।
मेरी ही भूमि पर आज़ादी की पहली मशाल जली थी। 1857 से भी करीब 7-8 दशक पहले मेरे ही सपूत तिलकामांझी ने अंग्रेजों के दमनकारी नीतियों के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंकते हुए फांसी पर चढ़े जिसकी गवाही आज भी यहां का तिलकामांझी चौक दे रहा है। उन्हीं के नाम पर तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय का नामकरण किया गया है।
मैं भागलपुर हूं। 1942 की क्रांति में पटना में शहीद हुए सात शहीदों में मेरा भी एक सपूत सतीश चन्द्र झा शामिल था। नमक सत्याग्रह के दौरान मेरे ही गोद में बसे बीहपुर में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद पर लाठियां बरसाई गईं थीं जो आजादी के इतिहास में 'बीहपुर कांड' के नाम से दर्ज है।
मैं भागलपुर हूं। मेरी ही राजनीतिक राजनीतिक पाठशाला में दीक्षित होकर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद तथा चंद्रशेखर सिंह और विधानसभा अध्यक्ष शिवचंद झा व सदानंद सिंह सरीखे दिग्गज नेता हुए।
अंग का था अयोध्या से प्रगाढ़ संबंध
मैं भागलपुर हूं। बात अपने स्वर्णिम अतीत की करूं, तो अंग के राजा रोमपाद और अयोध्या नरेश दशरथ न सिर्फ घनिष्ठ मित्र थे, वरन् निकट के संबंधी भी थे। अयोध्या की रानी और श्रीराम की माता कौशल्या की बड़ी बहन अंग के राजा रोमपाद की पत्नी थीं। राजा दशरथ की पुत्री शांता रोमपाद की दत्तक पुत्री थीं जिनका पालन -पोषण अंगभूमि पर हुआ। शांता का विवाह अंग के महान ऋषि श्रृंगी से हुआ था जिनके द्वारा सम्पादित पुत्र कामेष्टि यज्ञ के फलस्वरूप श्रीराम सहित भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न पैदा लिये थे।
दानवीर योद्धा कर्ण की भूमि रही है अंग
महाभारत काल में अंग हस्तिनापुर के कुरू-वंशियों के अधीनस्थ एक राज्य था। जब अर्जुन ने राजवंशी नहीं होने के कारण कर्ण के साथ युद्ध करने से इन्कार कर गया, तो दुर्योधन ने कर्ण को अंग का राजा घोषित किया था। अंग के ही अधिरथ ने गंगा में प्रवाहित कुंती-पुत्र कर्ण का पालन-पोषण किया था।
शौर्य और पराक्रम की भूमि
मैं भागलपुर हूं। मेरी भूमि अंग शौर्य और पराक्रम की भूमि रही है जिसकी गणना सोलह महाजनपदों में होती थी। बुद्ध के काल में अंग की राजधानी चम्पा को देश के छह महानगरों में एक माना जाता था। अंग के अंतिम स्वतंत्र राजा का नाम ब्रह्मदत्त था जिसने मगध के राजा कुणिक को युद्ध में पराजित किया था। 'विदुर पंडित जातक' में राजगृह को अंग का एक नगर बताया गया है। कुणिक के पुत्र बिम्बिसार ने ब्रह्मदत्त को पराजित कर अंग को मगध में मिला लिया। किंतु अंग की एक अलग पहचान बराबर बनी रही। बिम्बिसार अंग का पहला प्रांतीय शासक था। बाद में बिम्बिसार का पुत्र अजातशत्रु अंग का प्रांतीय शासक (गवर्नर) बना।
मैं भागलपुर हूं। प्राचीन भारत के इतिहास में जिस पाटलीपुत्र का डंका पूरे भारत में बजा, जिसे भारत का पहला साम्राज्य बनने का गौरव प्राप्त हुआ, उसके निर्माण में मेरे त्याग की मीमांसा आजतक इतिहास ने नहीं की।अजातशत्रु का पुत्र उदयिन मेरी राजधानी चम्पा का प्रांतीय शासक था। चम्पा के शासक उदयिन ने ही अपनी राजधानी चम्पा से हटाकर पाटलिपुत्र में स्थापित किया था। चक्रवर्ती सम्राट अशोक की माता शुभ्रदांगी चम्पा की बेटी थी।
यहां से फैली धर्म और ज्ञान की किरणें
अंग की भूमि पर पाल-वंश के राजा धर्मपाल द्वारा 8 वीं शताब्दी में स्थापित विक्रमशिला बौद्ध महाविहार की गणना नालंदा, तक्षशिला, सोमपुरा और ओदंतपुरी जैसे प्राचीन भारत के महत्वपूर्ण शिक्षण केंद्रों के साथ की जाती है जहां से तकरीबन चार सौ वर्षों तक ज्ञान की रश्मियां चारों दिशाओं में फैली। वज्रयान और तंत्रयान का यह प्रमुख केंद्र था। यहां के आचार्य दीपंकर श्रीज्ञान अतिश सहित कई विद्वानों ने तिब्बत और अन्य देशों में बौद्ध धर्म के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हाथियों की चिकित्सा का पहला ग्रंथ यहीं लिखा गया
मैं भागलपुर हूं। मेरे इतिहास के पृष्ठों पर कई कीर्तिमान स्थापित हैं जिसकी अनदेखी की गई है। पुरातन काल से मेरी प्रसिद्धि अपने विद्वानों और मनीषियों को लेकर रही है। पूरे विश्व में हाथियों की चिकित्सा विषयक पहला ग्रंथ 'हस्त्य आयुर्वेद' अंग के मनीषी पालकप्य मुनि द्वारा रचित है।
बुद्ध के समकालीन अंग के सोनकोलविश बौद्ध थेरगाथा के रचनाकारों में एक माने जाते हैं। जैन ग्रंथ 'लंकावतार सूत्र' के लेखक विराज जीन यहीं के थे। जैन ग्रंथ 'दश वैकालिक सूत्र' की रचना अंग के स्वयंभव ने की थी।
एशिया की पहली लेडी डॉक्टर कादम्बिनी गांगुली यहीं की
भारत की पहली महिला ग्रेजुएट और एशिया की पहली लेडी डॉक्टर कादम्बिनी गांगुली मेरी ही सरजमीं की बेटी थी। देश में मुस्लिम बालिकाओं के लिये पहला स्कूल खोलने का श्रेय यहीं की बहू रूकैया सखावत हुसैन को जाता है। इतना ही नहीं भारत के पहले अंग्रेज कवि लुईस विवियन डेरेजियो ने अपनी पहली कविता इसी भूमि पर रहकर लिखी जिनके संबंधी यहां के एक इंडिगो प्लांटर थे। डेरेजियो ने भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा के बीच स्थित जहांगीरा पहाड़ी (अजगैबीनाथ पहाड़) की पृष्ठभूमि पर अपनी सुप्रसिद्ध काव्य पुस्तक 'फकीर ऑफ जहांगीरा' लिखी जिसका अनुवाद विश्व की कई भाषाओं में किया गया है।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment