हिमकर श्याम
महाशक्ति की आराधना का पर्व है नवरात्र। नौ दिन तक चलने वाले पर्व नवरात्र के तीन-तीन दिन तीन देवियों को समर्पित होते हैं। ये तीन देवियां हैं- मां दुर्गा (शौर्य की देवी), मां लक्ष्मी (धन की देवी) और मां सरस्वती (ज्ञान की देवी)। झारखंड में शक्ति पूजा की प्रथा अनादि काल से है, जो मूलतः मातृ पूजा का ही एक प्रकार है। मातृ पूजा के प्रमाण और साक्ष्य सिंधु घाटी की सभ्यता से भी मिले हैं। मान्यतानुसार देवियां अधिक शक्तिशाली मानी जाती हैं। यहां के आदिवासी आदि काल से ही हिंदू देवी-देवताओं की पूजा करते रहे हैं। गांव-गांव में विद्यमान प्राचीनतम देवी-मंडप इसके प्रमाण हैं। झारखंड की नौ प्रमुख देवी मंदिरों पर लोगों की अपार श्रद्धा है।

रामगढ़ का मां छिन्नमस्तिका मंदिर
रांची से करीब 80 किमी दूर रामगढ़ के रजरप्पा में स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर एक बड़े शक्तिपीठ के रूप में विख्यात है। भैरवी, भेड़ा और दामोदर नदी के संगम पर स्थित यह पीठ तंत्र साधना का बड़ा केंद्र है। कहा जाता है कि दस महाविद्याओं की सिद्धि हासिल करने के लिए साधकों को यहां आना पड़ता है। क्योकि दस महाविद्याओं में पांचवीं मां छिन्नमस्तिके ही हैं। छिन्नमस्तिका मंदिर अपनी अनूठी वास्तुकला के लिए जाना जाता है। पूरा मंदिर श्रीयंत्र का आकार लिए हुए है। गर्भगृह में मां छिन्नमस्तिका एक हाथ में खड्ग और दूसरे में खड्ग से कटा अपना सर थामे विराजती हैं। शारदीय दुर्गा उत्सव में महानवमी की पूजा सबसे पहले संताल आदिवासी द्वारा की जाती है। उन्हीं के द्वारा प्रथम बकरे की बलि देने की भी परंपरा है। इसके निर्माण काल को लेकर पुरातात्विक विशेषज्ञों में मतभेद है। किसी के अनुसार इसका निर्माण छह हजार वर्ष पहले हुआ था तो कोई इसे महाभारत युग का मानता है।
रांची-टाटा मार्ग का दिउड़ी मंदिर
रांची-टाटा रोड पर तमाड़ से तीन किमी दूर स्थित है प्राचीन दिउड़ी मंदिर। यह दो एकड़ में फैला है। यहां सोलहभुजी मां दुर्गा विराजती हैं। मां की प्रतिमा साढ़े तीन फीट ऊंची है। प्रतिमा के दाहिने हाथ में तलवार, बाण, डमरू, गदा, शंख, त्रिशूल है। बाएं चार हाथ में धनुष, ढाल, परम पुष्प है। स मंदिर को आदिवासी और हिन्दू संस्कृति का संगम कहा जाता है। इस मंदिर के पुजारी मुंडा पाहन होते हैं। पाहन और ब्राह्मण दोनों पूजा कराते हैं। इस मंदिर की स्थापना पूर्व मध्यकाल में तकरीबन 1300 ई. में सिंहभूम के मुंडा राजा केरा ने की थी। कहा जाता है कि सम्राट अशोक इस देवी के दर्शन के लिए आते थे। इस मंदिर में स्थापित देवी मां की मूर्ति ओड़िसा की मूर्ति शैली जैसी है। इस मंदिर को बनाने में पत्थरों को काट कर बिना जोड़े हुए एक दूसरे के ऊपर रखा गया है। कहा जाता है की यहां कोई भी खुद से नहीं पहुँचता देवी स्वयं ही सभी को बुलाती हैं।
लातेहार का उग्रतारा मंदिर
लातेहार के चंदवा प्रखंड के नगर गाँव स्थित मां उग्रतारा मंदिर में दुर्गा पूजा का पर्व बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है। यहां सोलह दिनों की नवरात्र साधना होती है। कैथी भाषा में लिखे पांच सौ वर्ष पुरानी पोथी का अनुसरण करते हुए पूजा अनुष्ठान कराया जाता है। मंदिर के मुख्य प्रकोष्ठ में उग्रतारा की छोटी-छोटी मूर्तियां हैं, जो हमेशा वस्त्राच्छादित रहती हैं। श्वेत प्रस्तर से निर्मित मूर्तियों को शिल्प की दृष्टि से दक्षिणोत्तर शैली का सम्मिश्रण माना जाता है। मंदिर के प्रांगण में कुछ बौद्धकालीन प्रतिमाएं भी हैं। मुस्लिम समाज के लोग भी यहां पूजा अर्चना कर मन्नत मांगने आते हैं। मंदिर के पश्चिमी भाग में स्थित मंदारगिरी पर्वत पर मदार साहब का मजार है। मंदिर के निर्माण के संबंध में 'पलामू विवरणिका 1961' में लिखा गया है कि मंदिर बनवाने का श्रेय प्रसिद्घ वीर मराठा रानी अहिल्याबाई को है। यहाँ दूर-दूर से लोग मां के दर्शन के लिए आते हैं।
गुमला का महामाया मंदिर
गुमला जिला मुख्यालय से से 30 किमी और घाघरा प्रखंड से आठ किमी दूर अवस्थित है हापामुनी गांव। यहां अति प्राचीन महामाया मंदिर है। महामाया माँ को मंजूषा में बंद करके रखा जाता है। मां को खुले आँख से देखने की परंपरा नहीं है। मंदिर के बाहर में मां महामाया की एक दूसरी प्रतिमा स्थापित की गयी है। भक्तजन उसी की पूजा-अर्चना करते हैं। महामाया मंदिर एक तांत्रिक पीठ भी है। इस मंदिर की स्थापना विक्रम संवत 965 यानी 908 ई में महाराजा मोहन राय के बेटे गजघंट द्वारा की गई थी। वे नागवंश के 22 वें राजा थे। उन्होंने 869 से 905 ई के बीच शासन किया उन्होंने मंदिर की देखभाल अपने गुरु हरिनाथ, एक मराठी ब्राह्मण को सौंप दी थी। इस मंदिर से लरका आंदोलन का भी इतिहास जुड़ा हुआ है। 1831 में लरका आन्दोलन (कोल विद्रोह) के समय इस क्षेत्र के दो आदिवासियों के बीच लड़ाई के दौरान इसे बर्बाद कर दिया गया था।
दुमका का मौलिक्षा मंदिर
दुमका जिले में शिकारीपाड़ा के पास बसे गांव मलूटी को गुप्त काशी कहा जाता है। यहां पर मौलिक्षा माता का मंदिर है। यहां माँ के मस्तक के ही दर्शन किये जा सकते हैं। मंदिर के भीतर गर्भगृह एवं ऊँचे चबूतरा पर मां की सौम्य भव्य प्रतिमा स्थापित है। मां मौलिक्षा, मां तारा की बड़ी बहन के रूप में जानी जाती हैं। यद्यपि मां मौलिक्षा की पूजा देवी दुर्गा के सिंहवाहिनी के रूप में की जाती है। इस छोटे से गांव मलूटी में हर तरफ सिर्फ प्राचीन मंदिर ही मंदिर नजर आते हैं। यहां दुर्गा के अतिरिक्त भगवान शंकर, काली, धर्मराज, मनसा, विष्णु आदि देवी-देवताओं के भी मंदिर हैं। टेराकोटा शैली में बने मलूटी के मंदिरों की यह खासियत है कि ये अलग-अलग समूहों में निर्मित हैं। इन मंदिरों का निर्माण 1720 से लेकर 1840 के मध्य हुआ था। पूर्व में मलूटी का नाम मल्लहारी था, जो बाद में मलूटी हो गया। मंदिरों के इस गांव को एक ही स्थान पर मंदिर, मस्ज़िद और गिरजाघर होने का भी सौभाग्य प्राप्त है।
चतरा का मां भद्रकाली मंदिर
चतरा के इटखोरी प्रखंड मुख्यालय से करीब डेढ़ किमी दूर स्थित भदुली गांव में मां भद्रकाली मंदिर स्थित है। कमल के आसन पर मां भद्रकाली की आदमकद प्रतिमा वरदायिनी मुद्रा में है। मां की चतुर्भुज प्रतिमा करीब साढ़े चार पीठ ऊंची और ढाई पीठ चौड़ी है। प्रतिमा के चरणों के नीचे ब्राह्मी लिपि में लिखा है कि इसका निर्माण नौवीं शताब्दी में राजा महेंद्र पाल द्वितीय ने कराया था। मंदिर का प्रांगण 196 एकड़ में है जिसमें एक विशाल यज्ञशाला का निर्माण कराया गया है। यज्ञशाला ले पूरब में एक संग्रहालय है जिसमें मंदिर परिसर से प्राप्त मूर्तियां और भग्नावशेष सुरक्षित हैं। बौद्ध धर्म के लोग प्रतिमा को मां तारा के रूप में पूजते हैं। तंत्र साधना के लिए मां तारा की एक मूर्ति कुछ इस प्रकार निर्मित है कि मां के पैर का अंगूठा साधक के ठीक आज्ञाचक्र के समक्ष दिखता है। मंदिर परिसर में एक अनूठा बौद्ध स्तूप स्थापित है।
गोड्डा का मां योगिनी मंदिर
गोड्डा जिले के पथरगामा प्रखंड में स्थित मां योगिनी मंदिर तंत्र साधना के लिए प्रसिद्ध है। कामख्या मंदिर की तरह यहां भी पिंड की पूजा होती है। मां योगिनी मंदिर के ठीक बाईं ओर से 354 सीढ़ी ऊपर चढ़ने पर मां का गर्भगृह मिलता है। गर्भगृह के अंदर जाने के लिए एक गुफा से होकर गुजरना पड़ता है। इसे बाहर से देखकर अंदर जाने की हिम्मत नहीं होती, क्योंकि इसमें पूरी तरह अंधेरा होता है। लेकिन जैसे ही आप गुफा के अंदर प्रवेश करते हैं, आपको प्रकाश नजर आता है, जबकि यहां बिजली की व्यवस्था नहीं है। मंदिर के सामने एक बट वृक्ष है। प्रचलित मान्यताओं के अनुसार इस बट वृक्ष पर बैठकर साधक साधना किया करते थे और सिद्धि प्राप्त करते थे। ऐतिहासिक एवं धार्मिक ग्रंथों के अनुसार यहां पांडवों ने अपने अज्ञात वर्ष के कई दिन बिताए थे। तब यह मंदिर 'गुप्त योगिनी' के नाम से प्रसिद्ध था। पहले यहां नर बलि दी जाती थी। लेकिन अंग्रेजों के शासनकाल में इसे बंद करवा दिया गया।
गढ़वा की गढ़देवी
गढ़वा महाराजा की अधिष्ठात्री कुल देवी हैं गढ़देवी। मंदिर उनके गढ़ के प्रांगण में स्थित है। 1915 के सर्वे में इस मंदिर का प्रमाण मिलता है। गढ़ के महाराज द्वारा इस मंदिर का निर्माण करा देवी की प्रतिमा स्थापित की गयी थी। वर्ष 1914 में गढ़वा के जमींदार सह गढ़ के राजा बाबू अमरदयाल सिंह द्वारा पहली बार पुत्र की कामना को लेकर बंगाली पद्धति से मां गढ़देवी मंदिर में पूजा की गई थी। पूजा करने के बाद उन्हें पुत्र की प्राप्ति भी हुई। इस मंदिर के नाम पर शहर का नामकरण गढ़वा हुआ। यहाँ झारखण्ड, बिहार एवं यूपी के श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मां के प्रति अपार श्रद्धा है। भक्तों की हर मनोकामना मां पूर्ण करती हैं। नवरात्रि में भक्तों की काफी भीड़ होती है। नवरात्रि के दौरान मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की जाती है। विसर्जन के लिए मां दुर्गा की प्रतिमा को कंधे पर ले जाने की परम्परा है।
चतरा का कौलेश्वरी मंदिर
चतरा के हंटरगंज प्रखंड से छः किलोमीटर दूर स्थित मां कौलेश्वरी मंदिर आस्था का केंद्र है। कोल्हुआ पहाड़ की चोटी पर बने इस मंदिर में माँ कौलेश्वरी की दिव्य प्रतिमा स्थापित है। इसे दसवीं सदी में बनाया गया था। राजा विराट ने माता की प्रतिमा स्थापित की थी। माता की प्रतिमा काले दुर्लभ पत्थर को तराश कर बनाई गई है। मंदिर के पुजारियों वह भक्तों के अनुसार माता यहां जागृत अवस्था में विराजमान हैं। कौलेश्वरी सिद्धपीठ के रूप में चिन्हित है। कौलेश्वरी देवी के मंदिर तक पहुंचना दुर्गम है। भक्तों को मंदिर तक पहुंचने के लिए खड़ी पहाड़ी की चढ़ाई करनी पड़ती है। नवरात्र के अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ यहां उमड़ती है। कोल्हुआ पहाड़ सनातन, बौद्ध एवं जैन धर्मों का संगम स्थल है। माता कौलेश्वरी के अलावा बौद्ध और जैन धर्मावलंबियों का भी मंदिर है। आदिवासियों के देवता भी यहाँ निवास करते हैं। कोल (या मुंडा) आदिवासी की आराधना देवी कौलेश्वरी हैं।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment