-हिमकर श्याम
एक समय रांची को संयुक्त बिहार की ग्रीष्मकालीन राजधानी कहा जाता था। प्राकृतिक सुंदरता, शांत-रम्य वातावरण और खुशनुमा मौसम रांची की पहचान हुआ करती थी। यहां के मौसम की तुलना शिमला से की जाती थी। जून महीने में भी बिना पंखे एक चादर ओढ़ने की जरूरत होती थी। जरा सी गरमी हुई नहीं कि बारिश हो जाती थी। लगभग सालों भर बारिश होने के कारण यहां की जमीन चाय की खेती के अनुकूल थी। होटवार और नामकुम में चाय और कहवा की खेती होती थी। 1839 में ब्रिटिश व्यापारी स्टेनवर्थ ने यहां चाय एवं कहवा की खेती शुरू की थी। शहरीकरण और पर्यावरण प्रदूषण के कारण रांची का प्राकृतिक स्वरूप बदलता गया। रांची की पुरानी पहचान गुम हो गयी।
रांची झील से जुड़ा है शहर का पुराना इतिहास
बढ़ती आबादी, घटती हरियाली की वजह से रांची की आबोहवा बिगड़ती जा रही है। हर वर्ष बढ़ता तापमान नया रिकॉर्ड बना रहा है। जल, जंगल और जलाशय खत्म हो रहे हैं। भू-जल स्रोत लगातार नीचे जा रहे हैं। अंग्रेजों के जमाने में रांची को तालाबों का शहर कहा जाता था। रांची के प्रथम डिप्टी कमिश्नर रॉबर्ट ओस्ले ने 1842 में रांची पहाड़ी के पास रांची जेल में बंद कैदियों की मदद से 53 एकड़ भूमि पर बड़ा तालाब (रांची झील) की खुदाई करवायी थी। तब रांची जेल अपर बाजार के बेस्ट मार्केट में हुआ करता था। रांची झील का नाम पहले साहेब बांध था और रांची पहाड़ी का फांसी टुंगरी कहा जाता था। वहां विद्रोहियों को फांसी दी जाती थी।
लोहरदगा के गांव से जिला मुख्यालय बनने तक का सफर
रांची जिला के बनने और इसके नामकरण की कहानी दिलचस्प है। रांची पहले लोहरदगा जिले का एक छोटा सा गांव था। अंग्रेजों ने 1831-32 में लोहरदगा को जिला बनाया। 1833 में छोटानागपुर पर अपनी सत्ता की पकड़ मजबूत रखने के लिए दक्षिण पूर्व सीमा प्रांतीय एजेंसी नामक नॉन- रेगुलेशन प्रांत का निर्माण किया। प्रशासकीय इकाई का मुख्यालय लोहरदगा को बनाया। 1834 में फ्रंटियर एजेंसी का कार्यालय रांची में खुला। थॉमस विलकिंसन इसके स्पेशल एजेंट थे। 1840 में जब रॉबर्ट ओस्ले आये तो एजेंट की जगह कमिश्नर ने ले लिया। 1899 में आधिकारिक रूप से रांची एक जिला बना।
‘अरंची’ से रांची नाम पड़ने की कहानी
रांची का पुराना नाम 'विलकिंसनगंज' और 'विशुनपुर' था। कालांतर में ‘विशुनपुर’ ही रांची में तब्दील हो गया। रांची नाम मुंडारी के ‘अरंची’ शब्द से पड़ा। ‘अरंची’ मुंडारी भाषा में ‘हल जोतने’ के सामान को कहते हैं, जबकि यह भी कहा जाता है कि ‘रिची’ नामक पक्षी से रांची का नाम पड़ा। इन ‘रिची’ पक्षियों का बसेरा पहाड़ी मंदिर के आसपास में था। तब यहां चार-पांच गांव ही थे। जिसमें चुटिया, सिरोमटोली, चडरी, पिठौरिया और पत्थलकुदवा आदि शामिल था। बाद में अपर बाजार और डोरंडा समेत अन्य इलाके बसे। डोरंडा मुंडारी शब्दों 'दुरंद दाह' का अपभ्रंश है। 'दुरंद' का मतलब गीत गाता हुआ और 'दाह' मतलब नदी होता है। आज भी डोरंडा के बीचो-बीच प्रसिद्ध हरमू नदी गुजरती है। अपर बाजार तब ऊपर बाजार के नाम से जाना जाता था। ऊपर बाजार में करीब 150 दुकानें हुआ करती थी और इस बाजार का विस्तार शहीद चौक से लेकर रातू रोड के कब्रिस्तान तक था। रांची नगरपालिका की स्थापना 1869 में हुई। 1979 में इसे नगर निगम में परिवर्तित कर दिया गया।
मिशनरियों के आगमन से शिक्षा और चिकित्सा का विकास
रांची में प्रवेश करनेवाला वाला पहला मिशन गोस्सनर इवेंजेलिकल लुथरन (जी.ई.एल) चर्च मिशन था। दो नवम्बर 1845 को चार जर्मन मिशनरी रांची पहुंचे। सबसे पहले आदिवासी आबादी का ईसाई धर्म में पहला धर्मांतरण 1850 में हुआ। इस क्षेत्र में शिक्षा का विकास ईसाई मिशनरियों के आगमन के बाद तेजी से शुरू हुआ। ईसाई मिशनरी अपने धर्म प्रचार के साथ झारखंड में विद्यालय, महाविद्यालय स्थापित किये। बेथेसदा स्कूल रांची ही छोटानागपुर का पहला स्कूल है, जहां बालिकाओं को पढ़ने का अवसर मिला। स्कूल की शुरुआत एक दिसंबर 1852 को हुई थी। सन् 1899 ई. में इसी मिशन द्वारा गोस्सनर उच्च विद्यालय की स्थापना की गई जो बाद में महाविद्यालय बन गया। लड़कों के लिए रांची जिला स्कूल की स्थापना अंग्रेजी शासन काल में वर्ष 1839 में हुई थी। उस समय इस स्कूल में केवल सम्भ्रांत परिवारों के बच्चे पढ़ा करते थे। जिसे अब अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव जिला स्कूल के नाम से जाना जाता है। चिकित्सा के क्षेत्र में भी इन मिशनरियों का योगदान अहम योगदान रहा है।
कभी पीठ पर बच्चा बांधे और सिर पर टोकरी उठाए औरतें रांची की पहचान थीं। रांची के बारे में यह कहावत प्रसिद्ध था - 'पीठ पर छौआ, माथ पर खांची/ जब देखो तो समझो रांची।’ 195O और 60 के दशक में ही रांची का औद्योगीकरण और शहरीकरण हुआ। एचईसी, मेकॉन, सीसीएल जैसे केंद्रीय उपक्रम खुलने रांची एक कॉस्मोपॉलिटन शहर बन गया।
रांची कोल विद्रोह, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन और झारखंड आंदोलन का प्रमुख केंद्र भी रहा
है। ब्रिटिश शासन के खिलाफ जन आंदोलन के लिए महात्मा गांधी ने 4 जून 1917 को पहली
बार रांची का दौरा किया था। झारखंड आंदोलन में दक्षिणी बिहार, बंगाल का पश्चिमी और पूर्वी
हिस्सा और उत्तरी ओड़िशा को मिलाकर अलग राज्य की मांग थी। लंबे संघर्ष के उपरांत 15
नवम्बर 2000 को झारखण्ड राज्य अस्तित्व में आया। इस तरह एक छोटे से गांव से बढ़ते-
बढ़ते रांची झारखंड राज्य की राजधानी बनी।

Comments (0)
Write first comment
Please Login to write comment